संजय राउत ने पांच करोड़ रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया
शंभाजी नगर, 25 नवंबर (हि.स.)। शिवसेना उद्धव ठाकरे नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट पर पांच करोड़ रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। लातूर जिले के सामाजिक कार्यकर्ता नरसिंग उदगीरकर ने अण्णाभाऊ साठे के नाम पर मातंग समाज के लिए 25 करोड़ रुपए का एक ट्रेनिंग सेंटर का प्रस्ताव रखा था।
छत्रपति संभाजीनगर में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय राउत ने नरसिंग उदगीरकर के दावों का हवाला देते हुए कहा कि प्रस्ताव पास करने के बदले 20 प्रतिशत कमीशन यानी 5 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। राउत ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्तियों को मुंबई की एक इमारत की 72वीं मंजिल पर स्थित निजी आवास पर बुलाकर यह मांग रखी गई थी।
राउत ने इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र भी लिखा है।
हालांकि शिरसाट ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे आधारहीन बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी

