home page

राऊत ने खुद मुख्यमंत्री बनने की रची थी साजिश- म्हस्के

 | 

मुंबई, 12 अगस्त (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत और शिंदे गुट) के सांसद नरेश म्हस्के के बीच फिर आरोप-प्रत्यारोप की जंग तेज हो गई है। म्हस्के ने आरोप लगाया है कि राऊत ने खुद मुख्यमंत्री बनने की साजिश रची थी। उन्होंने कहा कि वह उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ जाने के अपने फैसले पर अटल हैं। वह किसी भी स्थिति में उनका साथ नहीं छोड़ेंगे।

म्हस्के ने बताया कि महाराष्ट्र में पहले जिला प्रमुख के तौर पर उन्होंने शिंदे के साथ जाने का फैसला तब किया था जब शिवसेना एकजुट थी। उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा टिकट पर फैसले में हो रही देरी को लेकर राऊत ने उद्धव ठाकरे और रश्मि ठाकरे के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। 'भोंगा' शब्द को लेकर मेरे प्रति राऊत के मन में गुस्सा है।

पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना की सुनवाई को दौरान भी राऊत और म्हस्के में कहासुनी हुई थी। पहले राऊत ने दावा किया था कि जब शिवसेना एक थी, तब म्हस्के ने ही उद्धव ठाकरे से शिंदे के खिलाफ सबसे अधिक शिकायत की थी। म्हस्के ने ही ठाणे मनपा में कथित भ्रष्टाचार और पार्टी विरोधी कामों के बारे में शिंदे के खिलाफ शिकायत की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार