home page

500 करोड़ के आरोप पर भिड़े, रामदास कदम और जरांगे-पाटिल

 | 

मुंबई, 21 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा भाजपा से 500 करोड़ रुपये लेकर मराठा आंदोलक मनोज जरांगे-पाटिल को दिए जाने के आरोपों को लेकर सियासत गरमा गई है। इस मामले को लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता रामदास कदम और जरांगे पाटिल में ठन गई है।

रामदास कदम पर जरांगे-पाटिल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि कदम को अपने पद का इस्तेमाल करने के बजाय मराठा समुदाय के मुद्दों पर बोलना चाहिए। उन्होंने उनकी संपत्ति की जांच की मांग की है। कदम का मजाक उड़ाते हुए जरांगे-पाटिल ने उन्हें ‘थोरली बेगम’ बताया है। जरांगे-पाटिल ने फिर उपमुख्यमंत्री शिंदे से जवाब मांगा है कि उन्होंने एक आसान सवाल पूछा था। मुझे जवाब दें कि क्या मुझे 500 करोड़ रुपये दिए गए थे। एकनाथ शिंदे आसान शब्दों में बताएं कि क्या श्रीकांत शिंदे ने मुझे 500 करोड़ रुपये दिए थे। बुधवार को दशहरा रैली में जरांगे पाटिल ने यह आरोप लगाकर हलचल मचा दी है कि उपमुख्यमंत्री शिंदे ने मुझे देने के नाम पर भाजपा से 500 करोड़ रुपये लिए थे।

इससे पहले मंगलवार को शिवसेना (शिंदे गुट) की दशहरा रैली में रामदास कदम समेत शिंदे गुट के नेताओं ने जरांगे-पाटिल की आलोचना की थी। कदम ने कहा था कि जरांगे-पाटिल आप सुपारी लेकर एकनाथ शिंदे की आलोचना करते हैं। भूख हड़ताल पर बैठने के बाद आप बाथरूम में जाकर चुपके से खाते हैं और आप सबको धोखा देते हैं। कदम ने सवाल उठाया कि आप किसकी सुपारी लेकर किसी की इज्जत खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने शिंदे से जरांगे-पाटिल की जांच कराने की मांग की। इसके जवाब में जरांगे पाटिल ने कदम पर हमला बोला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार