मंत्री नरहरि झिरवाल के तत्कालीन पीए रामदास गाड़े निलंबित
मुंबई, 21 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के अन्न व औषधि विभाग के मंत्री नरहरि झिरवाल के तत्कालीन पीए रामदास गाडे को निलंबित कर दिया गया है। यह एक बड़ी कार्रवाई है। यह निलंबन रिश्वतखोरी के एक मामले में की गई है। यह मामला फरवरी 2024 में मंत्रालय में मंत्री झिरवाल के ऑफिस में सामने आए रिश्वत घोटाले से जुड़ा है।
मंत्रालय में रिश्वतखोरी के एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद रामदास गाड़े को तुरंत निजी सचिव के पद से हटाकर उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया गया था। अब उन्हें गलत व्यवहार के आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया है। पता चला है कि ऐसा निर्देश मुख्यमंत्री ऑफिस की तरफ से दिया गया था। पशु पालन डेयरी विभाग और मत्स्य विभाग ने गुरुवार को यह आदेश जारी किया। जब यह आदेश जारी किया गया, तब डॉ. गाड़े पुणे जिले के मावल तहसील में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर काम कर रहे थे। राज्पाल ने महाराष्ट्र सिविल सर्विसेज़ रूल्स, 1979 के तहत मिले अधिकार का इस्तेमाल करते हुए उन्हें तुरंत सस्पेंड करने का निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि यह मामला फरवरी 2024 में मंत्रालय में मंत्री झिरवाल के ऑफिस में सामने आए रिश्वत घोटाले से जुड़ा है। इस स्टिंग ऑपरेशन के बाद, गाडे को प्रतिनियुक्ति से हटाकर उनके मुख्य विभाग में वापस भेज दिया गया था। उसके बाद, वह मावल तहसील में असिस्टेंट कमिश्नर के तौर पर भी काम कर रहे थे।
यह मामला निर्मल शर्मा नाम के एक मेडिकल स्टोर के मालिक की शिकायत से सामने आया। शर्मा के मुताबिक, उनकी दुकान का लाइसेंस एक महीने के लिए निलंबित कर दिया गया था, क्योंकि यह पाया गया था कि फ्रिज में दवाओं के लिए पानी की बोतलें और ओआरएस पैकेट रखे हुए थे। उन्होंने इस फैसले के खिलाफ 7 फरवरी को मंत्रालय में अपील फाइल की और 13 फरवरी को सुनवाई के लिए वहां पहुंचे।
शर्मा का आरोप है कि सुनवाई के दौरान उन्हें रामदास गाडे के केबिन में बैठाया गया। वहां राजेंद्र धेरंगे नाम के एक क्लर्क ने 1 लाख 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। उन्होंने कहा कि 1 लाख रुपये वरिष्ठ अधिकारियों के लिए और 10,000 रुपये खुद के लिए थे। बाद में, यह सुझाव दिया गया कि कुल रकम आधी की जा सकती है। शर्मा के दावे के अनुसार, उन्होंने 2,000 रुपये ऑनलाइन और 53,000 रुपये नकद दिए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

