home page

राज ठाकरे की पोती का नाम 'अहिल्या'!

 | 

मुंबई, 01 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे के परिवार में दिवाली से पहले खुशियों का माहौल है। राज ठाकरे ने अपने बेटे अमित की बेटी का नाम अहिल्या रखा है. संस्कृत में अहिल्या नाम का खास महत्व है।

राज के बेटे अमित ठाकरे और बहू मिताली बोरुडे को 7 सितंबर को पुत्री हुई थी. अमित ठाकरे और मिताली बोरुडे की शादी 27 जनवरी, 2019 को हुई थी। उनका पहला बेटा कियान है और अब उनके परिवार में अहिल्या के रूप में एक नया सदस्य आया है। घर में नन्ही परी के आने से ठाकरे परिवार में खुशी का माहौल है। उनके आवास शिवतीर्थ पर खुशी मनाई जा रही है। संस्कृत में अहिल्या नाम का खास महत्व है। इस नाम का मतलब है सुंदर, बेदाग, पवित्र और दोषरहित। हिंदू पुराणों में भी अहिल्या नाम का जिक्र है। गौतम ऋषि की पत्नी का नाम अहिल्या था। इसलिए, इस नाम का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी रहा है। इतिहास में अहिल्या नाम की एक खास जगह है।

लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने अपने काम से आदर्श शासन की छाप छोड़ी। मंदिरों के जीर्णोद्धार, धार्मिक जगहों के विकास और जनकल्याण के कामों के लिए उनके योगदान को आज भी याद किया जाता है। भारतीय इतिहास में उनके काम को महिमामंडित किया जाता है। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले का नाम बदलकर उनके नाम पर रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार