राज ठाकरे रविवार को रायगढ़ दोरे पर
मुंबई, 08 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सना के प्रमुख राज ठाकरे रविवार को रायगढ़ जिले के एक दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान वे मुंबई-गोवा हाईवे के काम का निरीक्षण करेंगे। साथ ही पार्टी कार्यालय का उद्घाटन भी करेंगे। उनके स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार तैयारियां की हैं।
मुंबई-गोवा हाईवे का काम पिछले कई वर्षों से चर्चा का विषय बना हुआ है। हाईवे पर रुके हुए काम, ट्रैफिक जाम, गड्ढों और बाईपास के काम की धीमी रफ़्तार की वजह से आने-जाने वालों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में हाईवे के मंद गति से चल रहे काम को लेकर कड़ी नाराजगी है। स्थानीय मनसे कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और एनएचएआई को सड़कों की जल्द मरम्मत करने का अल्टीमेटम दिया है, अन्यथा तीव्र आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी गई है।
इस बीच राज ने रायगढ़ जाने का मन बनाया है। वे, मानगांव, पेण और पनवेल में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन भी करेंगे। वे मानगांव बाई पास पर चल रहे काम का निरीक्षण करेंगे। उनके दौरे को लेकर मनसे कार्यकर्ताओं ने जोरदार तैयारियां की हैं। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

