महाराष्ट्र के 12 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट
मुंबई, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मौसम ने फिर करवट बदली है। मौसम विभाग ने कोंकण सहित राज्य के 12 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार हवाएं चलने का भी अनुमान है। इससे अक्टूबर महीने में गर्मी की तपिश से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही रबी फसल के लिए भी यह बारिश निर्णायक साबित होने का अनुमान है।
महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में मौसम बदल गया है। रविवार को कुछ जिलों में भारी बारिश होने की खबरें आईं। राज्य भर के लोग पिछले कुछ दिनों से गर्मी से परेशान हैं। इस वजह से अचानक बारिश आने से लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार से राज्य के मौसम में बदलाव देखा जाएगा। कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जिलों में हवा की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। जबकि कुछ जिलों में यह 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 19 अक्टूबर के लिए 12 जिलों के लिए येलो रेन अलर्ट जारी किया है। कोंकण के तटीय जिलों रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ जगहों पर बिजली और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसी तरह पुणे जिले और पुणे घाट इलाके में आंधी-तूफान की संभावना है। यहां भी हवा की स्पीड 40 से 50 km प्रति घंटा रहने की संभावना है। इसके अलावा कोल्हापुर जिले, कोल्हापुर घाट इलाके, सतारा जिले, सतारा घाट इलाके, सांगली, बीड, लातूर जिलों में आंधी- बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। धाराशिव जिले में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। विदर्भ के गडचिरोली और नागपुर जिले में बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग ने 20 अक्टूबर के लिए राज्य के तीन जिलों में बारिश की संभावना जताई है। कोल्हापुर, कोल्हापुर घाट, नागपुर और गडचिरोली जिले के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन बाकी जगहों पर मौसम सूखा रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने राज्य में 20 से 25 अक्टूबर तक बारिश की संभावना व्यक्त की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

