home page

डोमिनोज़ पिज़्जा सेंटर पर छापा, एलपीजी सिलेंडर जब्त

 | 

मुंबई, 19 अप्रैल ।हि.स.)। मुंबई शहर में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए सिविल सप्लाइज़ डिपार्टमेंट ने चेंबूर और देवनार इलाके में डोमिनोज़ पिज़्जा सेंटर में छापेमारी की है। वहां से गैर-कानूनी तरीके से उपयोग में लाए जा रहे 27 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

यह कार्रवाई चेंबूर और देवनार के अणुशक्ति नगर की गई और दो मामले दर्ज किए गए हैं। कंट्रोलर राशन डिस्ट्रीब्यूशन और डायरेक्टर सिविल सप्लाइज़ चंद्रकांत डांगे के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। राशन डिस्ट्रीब्यूशन 'ई' सर्कल की डिप्टी कंट्रोलर रीना बसैये और असिस्टेंट कंट्रोलर रामकृष्ण कांबले के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। चेंबूर इलाके में पेस्टम सागर रोड पर विश्वसंगम टावर में डोमिनोज़ पिज़्ज़ा सेंटर पर रेड मारी गई। जांच के दौरान पता चला कि कुल 8 एलपीजी सिलेंडर गैर-कानूनी तरीके से बिना बिल के इस्तेमाल किए जा रहे थे। इस मामले में करीब 25,970 रुपये का सामान जब्त किया गया है। चेंबूर के तिलकनगर पुलिस स्टेशन में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

इसी तरह देवनार इलाके के अर्जुन सेंटर में डोमिनोज पिज्जा सेंटर पर भी छापा मारा गया। कुल 19 एलपीजी सिलेंडर बिना बिल के इस्तेमाल होते पाए गए। करीब 49,117 रुपये का सामान ज़ब्त किया गया। गोवंडी पुलिस स्टेशन में दो आरोपियों के खिलाफ़ मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार