home page

राहुल गांधी बुधवार को नासिक दौरे पर

 | 

मुंबई, 01 सितंबर (हि.स.)। लोकसभा में विपक्ष के नता राहुल गांधी बुधवार को नासिक दौरे पर आ रहे हैं. पार्टी की प्रदेश इकाई की ओर से जिला अध्यक्षों के लिए आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आखिरी दिन है। वे कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित करेंगे।

राहुल गांधी सुबह 11 बजे नाशिक के ओजर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे कैंप में शामिल होंगे और जिला अध्यक्षों से बातचीत करेंगे। वे आदिवासी प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्य के वरिष्ठ पार्टी नेताओं से चर्चा करेंगे और शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। महाराष्ट्र कांग्रेस की ओर से बीते सोमवार 24 अगस्त से 2 सितंबर तक पार्टी जिलाध्यक्षों के लिए नासिक के एमटीडीसी रिसॉर्ट में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन चल रहा है। बुधवार को उसका आखिरी दिन है। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय नेता के.सी. वेणुगोपाल, प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, विजय वडेट्टीवार, बालासाहेब थोरात सहित राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के नेताओं व विशेषज्ञों ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। भविष्य में पार्टी की दशा व दिशा, जनता से सीधे संपर्क, मनरेगा, संगठनात्मक कौशल, रणनीति, पार्टी के सामने चुनौतियां, संगठनात्मक तैयारी, कांग्रेस की विचारधारा और देश की राजनीति में पार्टी की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। राहुल गांधी की उपस्थिति में बुधवार 2 सितंबर को इस कार्यक्रम का समापन होगा। इसमें पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने आरोप लगाया है कि आदिवासी छात्र अपनी मांगों को लेकर 15-20 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं, लेकिन महायुति सरकार उन्हें नजरअंदाज कर रही है। राहुल गांधी के पुणे में आदिवासी छात्रों के मामलों पर गौर करने के बाद भाजपा सरकार जागी और कह रही है कि उसने जल्दबाजी में मांगें मान ली हैं। लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भरोसा नहीं किया जा सकता। राहुल के नासिक दौरे से सरकार में हलचल मच गई है और वह घबराई हुई है। आदिवासी विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। आदिवासी योजनाओं पैसा छात्रों तक नहीं पहुंच रहा है। पिछले दो साल में 892 आदिवासी छात्रों की मौत हुई है। इसके लिए फडणवीस सरकार जिम्मेदार है। आदिवासी विकास मंत्री अशोक उइके को इस्तीफा दे देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार