home page

राहुल गांधी मांगें छात्रों से माफी- आशीष शेलार

 | 

मुंबई, 11 अगस्त (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने विपक्ष पर हमला बोला है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को घेरा है. उन्होने पूछा है कि झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन एग्जाम में पेपर लीक के खिलाफ शांति से आंदोलन कर रहे छात्रों पर अमानवीय हमले का ऑर्डर किसने दिया। राहुल किससे इस्तीफा मांगेंगे या खुद देंगे। उन्हें छात्रों से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए शेलार ने दिल्ली के जंतर-मंतर और रांची में हुए छात्र आंदोलन के विपक्ष के दोहरे रवैये की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि रांची में छात्र शांति और अनुशासन तरीके से आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने किसी भी तरह की अभद्र या गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल नहीं किया। उनके रास्ते में कांटेदार तार फेंके गए। उन पर आंसू गैस छोड़ी गई और उन पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया गया। छात्रों को दुश्मन समझकर पीटा गया। यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और इसका जितना भी विरोध किया जाए कम है।

शेलार ने कहा कि झारखंड की सरकार सिर्फ झारखंड मुक्ति मोर्चा की नहीं है। राहुल गांधी 16 विधायकों और चार मंत्रियों के साथ उस सरकार को लीड कर रहे हैं। अब राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन क्या रोल पेश करने वाले हैं? क्या विपक्षी पार्टी ने अब अपने कान बंद कर लिए हैं?, अब छात्रों के लिए राहुल गांधी की हमदर्दी कहां है? दिल्ली में झूठी हमदर्दी दिखाने वाले राहुल गांधी झारखंड के छात्रों के आंसू पोंछने क्यों नहीं जाते? राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे अब चुप क्यों हैं? क्या उद्धव ठाकरे अब रांची जाएंगे? क्या छात्रों की पिटाई के विरोध में कांग्रेस झारखंड की सरकार से बाहर निकल जाएगी? विपक्ष को छात्रों के भविष्य से कोई लेना-देना नहीं है। वे सिर्फ़ 'सुविधा की राजनीति' करना चाहते हैं। कांग्रेस और जेएमएम सरकार को छात्रों की मांगें तुरंत मान लेनी चाहिए। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी अपने दोहरे रवैये के लिए देश के युवाओं से माफ़ी मांगें। उन्होंने सीजेपी की भी कड़ी आलोचना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार