home page

पुर्णेकर हत्याकांडः शिंदे सेना और ठाकरे सेना में बढ़ा तनाव

 | 

मुंबई, 28 अक्टूबर (हि.स.)।शिवसेना (यूबीटी) के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड को लेकर ठाणे में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की शिवसेना में तनाव बढ़ गया है। पुर्णेकर परिवार के न्याय के लिए गुरुवार 29 अक्टूबर को ठाकरे सेना के विधायक आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में ठाणे में एक विराट मोर्चे का आयोजन किया गया है। इधर शिंदे सेना के सांसद नरेश म्हस्के ने चेतावनी दी है कि यदि ठाणे में आकर उपमुख्यमंत्री शिंदे के खिलाफ गलत बयानबाजी की गई तो ठीक नहीं होगा। हम बर्दाश्त नहीं करेंगे और उस नेता को वापस लौटने नहीं देंगे।

पूर्णेकर परिवार को न्याय दिलाने, मामले के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी की मांग और भयमुक्त ठाणे को लेकर आदित्य इस महाआंदोलन का नेतृत्व करेंगे। यह मोर्चा गुरुवार शाम को ठाणे के जंभाली नाका के चिंतामणि चौक पर होगा। पार्टी सांसद संजय राऊत, अनिल परब सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेता व शिवसैनिक इसमें हिस्सा लेंगे. इस दौरान आदित्य ठाणे पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर अब तक हुई पुलिस कार्रवाई और जांच की प्रगति का ब्योरा भी मांगेंगे।

शिंदे सेना के सांसद म्हस्के ने चेतावनी दी है कि यदि ठाणे में आकर एकनाथ शिंदे पर आरोप लगाए गए तो ठीक नहीं होगा। आप इसे यदि धमकी समझना चाहते हैं तो इसे धमकी ही समझें। विपक्ष के नेता पुर्णकेर की मौत पर राजनीति कर रहे हैं। सभी विपक्षी पार्टियां एक साथ आकर शिंदे के खिलाफ बोल रही हैं। अब शिवसेना चुप नहीं बैठेगी। कल जो हुआ उसके बाद जैसा होगा वैसा ही जवाब दिया जाएगा। म्हस्के ने कहा कि मंत्री प्रताप सरनाईक पीड़ित परिवार के घर गए, उन्होंने उपमुख्यमंत्री शिंदे से बात करवाई। लेकिन शिंदे को बदनाम किया जा रहा है। मंगलवार को कई घंटों तक सड़कें बंद रहीं, कल हम उनका विरोध कर सकते थे लेकिन हमने नहीं किया। अब हम शिंदे का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। आप गलत तरीके से पेश आएंगे तो हम आपको उसी भाषा में जोरदार जवाब देंगे।

पुर्णेकर के पुत्र राम पुर्णेकर ने बीते मंगलवार को उपमुख्यमंत्री शिंदे के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। पूर्णेकर परिवार और समर्थक नौपाडा पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठे। इसमें ठाकरे सेना के पूर्व सांसद राजन विचारे और जिला प्रमुख केदार दिघे सहित कई विपक्षी नेता भी शामिल हुए। पुर्णकर परिवार ने पूर्व मेयर मीनाक्षी शिंदे और राजेंद्र शिंदे की संलिप्तता पर सवाल उठाते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।

पिछले महीने की 29 तारीख को ठाणे के घोड़बंदर रोड स्थित मानपाडा इलाके में प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि मुख्य मास्टरमाइंड अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार