पूर्णेकर हत्याकांडः डीजीपी दाते से मिला विपक्षी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल
मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। ठाणे के शिवसेना (यूबीटी) के नेता प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड को लेकर बुधवार को विपक्ष के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड का पता लगाने और पूर्णेकर परिवार को शीघ्र जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।
पूर्णेकर की 29 सितंबर 2026 की रात को मानपाड़ा स्थित उनके कार्यालय में गोली मारकर और धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। अभी तक की जांच में सामने आया है कि यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी और इसके लिए सुपारी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। ठाणे क्राइम ब्रांच और एसआईटी ने इस मामले में प्रकाश उर्फ पाप्या शिंदे, निखिल यादव और नितेश पवार सहित मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हाल ही में रायगढ़ से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर ठाकरे सेना आक्रामक रूख अपनाए हुए है। ठाणे में बिगड़ती कानून व्यवस्था और इस हत्याकांड के विरोध में विपक्षी दलों ने शुक्रवार 9 अक्टूबर को स्थानीय पुलिस के खिलाफ एक बड़े विरोध मार्च का आयोजन किया है। आरोप है कि स्थानीय पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच व कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने की मांग की गई है। पूर्णेकर परिवार ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

