home page

पुणे म्हाडा लॉटरीः घरों के लिए मिले 2.38 लाख आवेदन

 | 

मुंबई, 29 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड क्षेत्र में म्हाडा घरों की लॉटरी के लिए रिकार्ड आवेदन प्राप्त हुए हैं। विभिन्न आय वर्ग के 4,462 फ्लैटों के लिए अब तक 2.38 लाख से अधिक फार्म प्राप्त हुए हैं। इनमें से लगभग 1.65 लाख आवेदकों ने डिपॉजिट का भुगतान भी कर दिया है। ऑनलाइन आवेदन करने के लिए अब केवल तीन दिन शेष रह गए हैं।

नियमानुसार लॉटरी में शामिल होने के लिए प्रत्येक फ्लैट के आवेदन पर 20,000 रुपए की अमानत राशि निर्धारित की गई है। साथ ही आवेदकों को तय आवेदन शुल्क और जीएसटी का भुगतान अलग से करना होता है। म्हाडा अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में 10 हजार से अधिक आवेदनों के दस्तावेजों की पड़ताल चल रही है। संभावना है कि आवेदनों की संख्या ढाई लाख के पार पहुंच सकती ह। 30 अक्टूबर की रात तक सभी पात्र आवेदकों को प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा, जिसके बाद अंतिम सूची जारी कर लॉटरी निकालने की तैयारी की जाएगी।

म्हाडा ने पुणे और पिंपरी-चिंचवड में 4,462 आवासों के लिए ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण प्रक्रिया 26 अगस्त से शुरू की थी। शुरुआत में इसके लिए अंतिम समय सीमा 30 सितंबर तय की गई थी। हालांकि, कई आवेदकों को डोमिसाइल और आईटीआर दस्तावेज हासिल करने व उनकी ऑनलाइन जांच कराने में काफी समय लग रहा था। साथ ही महाआईटी की कंप्यूटर प्रणाली के अपग्रेडेशन के चलते प्रमाणपत्रों को अपलोड और सत्यापित करने में बार-बार तकनीकी रुकावटें आ रही थीं। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए म्हाडा ने पहले अंतिम तारीख 15 अक्टूबर तक बढ़ाई गई थी। बाद में इसे दोबारा बढ़ाकर 30 अक्टूबर 2026 तक कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार