पुणे में एक कंटेनर की दो वाहनों से टक्कर में एक की मौत, छह घायल
मुंबई, 20 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले में मुंबई-बेंगलुरु हाइवे पर नवले ब्रिज रविवार तडक़े एक तेज़ रफ़्तार कंटेनर ने कंक्रीट पंप ले जा रहे एक टेम्पो और मोटर साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे टेम्पो में सवार 22 साल के एक मज़दूर की मौत हो गई। इस घटना में छह लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही नरहे पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरु कर दिया।
मामले की छानबीन कर रहे सहायक पुलिस निरीक्षक समीर चव्हाण ने बताया कि कंटेनर आउटर रिंग रोड से मुंबई की ओर तेज़ रफ़्तार से जा रहा था। कंक्रीट पंप ले जा रहा टेम्पो मुंबई की ओर जा रहा था। नावले ब्रिज के पास तेज़ रफ़्तार कंटेनर ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया। कंटेनर ने टेम्पो और एक कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में संदीप जगन्नाथ कुमार (22) की मौत हो गई है, जबकि कुछ छह लोग घायल हुए हैं। इस मामले में कंटेनर ड्राइवर धनराज गणपतलाल वैष्णव (24) के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है । हादसे के बाद आउटर रिंग रोड से मुंबई की ओर जाने वाला ट्रैफिक कुछ देर के लिए रुक गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से एक्सीडेंट वाली गाडिय़ों को हटाया, उसके बाद ट्रैफिक नॉर्मल हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

