home page

मुंबई में ‘पल्स’ चिकित्सा परिषद का आयोजन

 | 

मुंबई, 05 फरवरी (हि.स.)। स्वास्थ्य क्षेत्र में महाराष्ट्र को वैश्विक पहचान दिलाने वाली प्रतिष्ठित चिकित्सा परिषद ‘पल्स’ का आयोजन 27 और 28 मार्च 2026 को मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में किया जाएगा। इस सम्मेलन में देश-विदेश से 2,900 से अधिक चिकित्सा विशेषज्ञ, शोधकर्ता और गणमान्य भाग लेंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस परिषद के भव्य आयोजन की निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास वर्षा बंगले पर परिषद के आयोजन की समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने इसके माध्यम से मेडिकल वेलनेस पर्यटन में “महाराष्ट्र ब्रांड” विकसित करने की भी निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक महंगे इलाज के बजाय अब लोग वेलनेस आधारित उपचारों की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं। इस क्षेत्र में राज्य में व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने आयुष उपचार पद्धतियों को वेलनेस से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चिकित्सा क्षेत्र में कई स्टार्टअप सक्रिय हैं। अधिक से अधिक स्टार्टअप को सम्मेलन में शामिल किया जाए, ताकि नवीनतम शोध पर आधारित चर्चाओं के माध्यम से कैंसर जैसी बीमारियों के लिए सरल, सुलभ और किफायती उपचार पद्धतियां विकसित करने में सहायता मिल सके। वैश्विक स्वास्थ्य निवेशकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे राज्य में विकसित हो रहे बल्क ड्रग पार्क में निवेश आकर्षित हो सके।

मेडिकल शिक्षा राज्य मंत्री माधुरी मिसाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने के लिए सम्मेलन के दौरान निवेशकों के साथ समझौते किए जाएं। इससे ग्रामीण इलाकों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित होंगी। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के नए उपचार तरीकों और मेडिकल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी इस सम्मेलन का उपयोग करने पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार