सार्वजनिक शौचालय होंगे महंगे, लघु शंका के लिए भी लगेंगे पैसे !
मुंबई, 13 अक्टूबर (हि.स.)। आर्थिक राजधानी मुंबई में जल्द ही सार्वजनिक शौचालय महंगे हो सकते हैं। मुंबई करों को लघु शंका के लिए भी पैसे का भुगतान करना पड़ सकता है। मुंबई मनपा ने शहर के सार्वजनिक पे-एंड-यूज शौचालयों की दरों में वृद्धि का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत अब तक मुफ्त लघु शंका के लिए भी 1 रुपये शुल्क लगाने की योजना है। वहीं वॉशरूम का शुल्क 2 रुपये से बढ़ाकर 5 रुपये और टॉयलेट का शुल्क 5 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये करने का प्रस्ताव है। फिलहाल सामुदायिक शौचालयों की दरों में बदलाव होगा या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।
मुंबई शहर में 846 सार्वजनिक पे-एंड-यूज शौचालय हैं। इनका निर्माण मनपा ने किया है, लेकिन संचालन निजी संस्था और गैर-सरकारी संगठन करते हैं। मुंबई में लगभग 8,173 सामुदायिक शौचालय परिसर हैं, जिनमें से 3,110 का प्रबंधन मनपा करती है. फिलहाल प्रस्तावित शुल्क वृद्धि सार्वजनिक पे-एंड-यूज शौचालयों के लिए है। शौचालय संचालकों का कहना है कि सफाई, मरम्मत, पानी-बिजली के खर्च और कर्मचारियों के वेतन के कारण इन सुविधाओं का रखरखाव महंगा होता जा रहा है। शौचालयों की साफ-सफाई, परिसर की धुलाई, छोटी-बड़ी टूट-फूट की मरम्मत और देखरेख के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति का खर्च संचालकों को ही उठाना पड़ता है. प्रस्तावित बढ़ोतरी से उन्हें बढ़ते खर्च का प्रबंधन करने में मदद मिलेगी।
मनपा के इस प्रस्ताव से सार्वजनिक शौचालयों पर निर्भर रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। नागरिक संगठन पानी हक समिति के संयोजक सीताराम शेलार के अनुसार नागरिकों को स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराना मनपा की जिम्मेदारी है। पानी और स्वच्छता मनपा के महत्वपूर्ण राजस्व वाले विभाग हैं। फिर भी संचालकों पर व्यावसायिक दरों से पानी-बिजली का खर्च डाला जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

