7 साल की बच्ची का उत्पीड़न, फूटा जनआक्रोश
मुंबई, 12 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बहुत ही घिऩौना कृत्य सामने आया है। एक सात साल की नाबालिग बच्ची के योन उत्पीड़न की घटना हुई है। इससे स्थानीय जनता में जबरदस्त गुस्सा है। एक बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड ने बाथरूम में घुसकर 7 साल की मासूम नाबालिग लड़की के साथ सेक्शुअल असॉल्ट किया। इस घटना से गुस्साए लोगों ने सीधे पायधुनी पुलिस स्टेशन को घेर लिया और ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस पूरे मामले में पायधुनी पुलिस ने तुरंत कानूनी कदम उठाते हुए केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है और पूरी जांच चल रही है। इस घटना की जानकारी मिलते ही विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर घटना की जानकारी लेने पायधुनी पुलिस स्टेशन पहुंचे। वहां मौजूद गुस्साए लोगों व पीड़िता के रिश्तेदारों ने राहुल नार्वेकर को घेर लिया और कड़ा विरोध जताया। गुस्साए लोग आरोपी को फांसी देने की मांग की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जब पीड़ित 7 साल की बच्ची बिल्डिंग के वॉशरूम में गई, तो वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड घुस गया और उसके साथ गलत काम किया। इस घटना में बच्ची घायल हो गई और उसे तुरंत इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। अभी उसका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
घटना की खबर इलाके में फैलते ही लोग गुस्से में आ गए। सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने पायाधुनी पुलिस स्टेशन को घेर लिया। गुस्साई भीड़ ने पुलिस स्टेशन के सामने मेन रोड को ब्लॉक कर दिया। इससे कुछ देर के लिए ट्रैफिक पूरी तरह से रुक गया। पुलिस ने विरोध कर रहे लोगों को किसी तरह बुझाकर शांत किया। पुलिस स्टेशन के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

