home page

सूखा प्रभावित किसानों को दें ज्यादा मदद- सुनील तटकरे

 | 

मुंबई, 27 अक्टूबर (हि.स.)। सत्तारूढ महायुति के घटक दल एनसीपी (एपी) के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सुनील तटकरे ने सूखा प्रभावित किसानों को ज्यादा से ज्यादा से आर्थिक मदद देने की मांग की है। उन्होंने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार को राज्य में सूखे से प्रभावित किसानों की मदद के लिए स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड (एसडीआरएफ ) और नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड (एनडीआरएफ ) के नियमों से आगे बढ़कर मदद करनी चाहिए। किसानों को दी जाने वाली 5,000 रुपये की मदद तो बस शुरुआत है और इसे आखिरी मदद नहीं माना जाना चाहिए।

सरकार ने सूखे से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए 5,000 रुपये की मदद का ऐलान किया है। हालांकि किसानों का नुकसान बहुत ज़्यादा है, इसलिए तटकरे ने कहा पार्टी का मानना है कि सरकार को सिर्फ इसी मदद तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अच्छी-खासी आर्थिक मदद देनी चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि महायुति सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसानों की मदद के लिए ज़रूर हाथ बढ़ाएगी।

मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने सूखे के मुद्दे पर बार-बार अपना रुख साफ किया है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की अगुवाई वाली उप-समिति ने भी इस बारे में अपना रुख पेश किया है। तटकरे ने भरोसा जताया कि राज्य सरकार सूखा प्रभावित किसानों को पर्याप्त मदद देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार