महाराष्ट्र में ईसाईयों की संपत्ति की होगी जांच
मुंबई,08 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने ईसाई मिशनरी की संपत्ति की पूरे राज्य में जांच कराने की योजना बनाई है। बुधवार को विधानसभा में उठे नासिक के विवाद मामले को लेकर यह फैसला किया गया है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने घोषणा की है कि पूरे राज्य में इसाईयों की संपत्ति, मालिकाना हक और संपत्तियों को लेकर हुए लेनदेन की पूरी जांच की जाएगी और इसकी पूरी रिपोर्ट अगले तीन महीने में सरकार को सौंपी जाएगी.
भाजपा विधायक देवयानी फरांदे व अन्य विधायकों ने नासिक से जुड़े एक विवादित मामले को लेकर ईसाईय़ों की संपत्ति का मुद्दा सदन में उठाया था। इसके जवाब में राजस्व मंत्री बावनकुले ने कहा कि नासिक के विवादित संपत्ति मामले की जाच करके उचित निर्णय लिया जाएगा। नासिक डायोसेशन ट्रस्ट और नासिक डायोसेशन काउंसिंल के संपत्ति का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। जांच रिपोर्ट के बाद सरकार अपना पक्ष हाई कोर्ट में रखेगी। राज्य में ईसाई मिशनरी संस्थाओं की संपत्ति से जुड़े मामले के बारे में राजस्व मंत्री ने कहा कि ईसाईयों के राजस्व रिकॉर्ड, मालिकाना अधिकार में बदलाव और उसके बाद हुए लेनदेन की पूरी जांच की जाएगी। इसके लिए विभागीय आयुक्त स्तर पर एक कमेटी बनाई जाएगी। इसमें राजस्व, जमाबंदी, रजिस्ट्रेशन व स्टैम्प, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

