home page

भूदान जमीन घोटाले की होगी जांच : मंत्री बावनकुले

 | 

मुंबई, 23 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में भूमि दान और ग्राम दान की जमीनों में हुए तथाकथित घोटाले की जांच होगी। यह घोषणा राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सोमवार को की। इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) के नेता अंबादास दानवे ने इन जमीनों में बड़े पैमाने पर घोटाले का आरोप लगाया था। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की थी।

मंत्री बावनकुले ने स्पष्ट किया है कि भूदान आंदोलन के तहत किसानों को दी गई जमीनों पर उनका ही मालिकाना हक होगा। इन जमीनों को न तो बिल्डरों को बेचा जा सकता है और न ही दिया जा सकता है। कुछ जगहों पर ऐसी जमीनों के दुरुपयोग की शिकायतें मिली हैं। शहर की सीमा में आने वाली भूदान जमीनों की जांच की जानी चाहिए। इस संबंध में भूदान महामंडल के लिए एक कारगर कानून लाने का काम चल रहा है।

दानवे ने बीते रविवार को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री को बताया था कि राज्य में करीब 2.5 लाख एकड़ भूमि दान की जमीनों के मालिकाना हक, प्रबंधन और हस्तांतरण प्रक्रिया में गड़बड़ियां की गई हैं। भूदान और ग्राम दान की जमीनों के गैर-कानूनी ट्रांसफर, भूमि अधिग्रहण के मुआवजे, गैर-कानूनी मिनरल निकालने और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर की गई है। राजनीतिक हस्तक्षेप, राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत व व्यापारियों के निजी फायदे के कारण भूमिहीन और वंचित तबकों के लिए दान की गई जमीनों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने मामले की जांच के लिए एक एसआईटी गठित करने की मांग की थी। दानवे के अनुसार भिवंडी तहसील के दिवे-अंजूर और अलीमघर में भूदान की जमीनों के अधिग्रहण के लिए 31 रिवाइज्ड नोटिस के जरिए करीब 151.50 करोड़ रुपये का मुआवजा तय किया गया है। शेष नोटिसों को देखें तो यह राशि करीब 300 करोड़ रुपये हो जाती है। इसी तरह पनवेल तहसील के कुंडेवहाल में भूदान की करीब 397 एकड़ जमीन पर कथित तौर पर 67 बिना अनुमति वाली खदानों और क्रशर का मुद्दा भी उठाया है. उनका आरोप है कि इस जगह पर बड़े पैमाने पर पत्थर और मार्बल की माइनिंग हुई है। मूल राजस्व रिकार्ड में बदलाव करके निजी लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार