home page

सीजेपी के आंदोलन में पाकिस्तान समर्थक शामिल-नितेश राणे

 | 

मुंबई, 03 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा नेता व महाराष्ट्र के मत्स्य व बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि शुक्रवार को मुंबई में हुए सीजेपी के आंदोलन में पाकिस्तान के समर्थक और टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्य शामिल थे।

दादर के छत्रपति शिवाजी पार्क मैदान में हुए सीजेपी के आंदोलन को लेकर राजनीति गरमा गई है। अभिजीत दीपके ने आंदोलन के दौरान भाजपा पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने डॉ. प्रवीण दरेकर पर बाबासाहेब आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया था। अब भाजपा नेता दीपके के खिलाफ आक्रामक हो गए हैं। मंत्री नितेश राणे ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सीजेपी के कल के विरोध प्रदर्शन में पाकिस्तान के समर्थक और टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्य शामिल थे। शबाना आजमी, नसीरुद्दीन शाह, विशाल ददलानी टुकड़े-टुकड़े गैंग के ब्रांड एंबेसडर हैं। वे कल स्टेज पर आए और उन्हें गले लगाया। सीजेपी को बड़ा बनाने का काम शिवसेना (यूबीटी) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे कर रहे हैं। बालासाहेब ठाकरे के विचार कहां हैं, हिंदुत्व के विचार कहां हैं। यदि आप जिहादियों को समर्थन देने का काम कर रहे हैं, तो भारत का हिंदू समाज, महाराष्ट्र, बालासाहेब ठाकरे से प्यार करने वाली जनता आपको माफ नहीं करेगी।

नितेश राणे ने कहा कि कल पुलिस ने डिनो मोरिया को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। दिशा सालियान मामले की एफआईआर में डिनो मोरिया और आदित्य ठाकरे का नाम है। उनका नाम मीठी नदी घोटाले में आया है। डिनो मोरिया नाइट लाइफ गैंग का सदस्य है। इसीलिए उसे ठेके मिलते थे। नाइट लाइफ गैंग का मुखिया आदित्य ठाकरे हैं। इसलिए उनके नाम पर लुकआउट नोटिस जारी होनी चाहिए। चाहे दिशा सालियान हो या मीठी नदी घोटाला, वे कभी भी देश छोड़कर फरार हो सकते हैं क्योंकि गिरफ्तारी एक लटकती तलवार है। इसलिए मेरा मानना है कि लुकआउट नोटिस जारी किया जाना चाहिए और पासपोर्ट जब्त कर लिया जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार