जल संकट से निपटने की तैयारी, बीएमसी खरीदेगी 22 वाटर टैंकर
मुंबई, 06 अप्रैल (हि.स.)। गर्मी के बढ़ने के साथ ही पानी की मांग भी बढ़ने लगी है। पानी की कमी की लगातार मिल रही शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए मुंबई महानगरपालिका ने जलापूर्ति के लिए 22 वाटर टैंकर खरीदने का फैसला किया है। इसके लिए 10 करोड़ 44 लाख 19 हजार 468 रुपये खर्च किए जाएंगे।
मुंबई मनपा 10 हजार लीटर क्षमता वाले 22 पानी के वाटर टैंकर खरीदेगी। इससे आवासीय इमारतों के साथ-साथ निजी कार्यों के लिए भी पानी की आपूर्ति करने में मदद मिलेगी। बीएमसी क्षेत्र में दैनिक कार्यों के अलावा मुख्य जलवाहिनी की मरम्मत, दूषित पानी की आपूर्ति, पानी की कमी, सार्वजनिक उत्सव, चुनावी कार्यक्रम, विभिन्न सरकारी कार्यक्रम और आपातकालीन स्थितियों में वाटर टैंकर की सेवा की मांग जल अभियंता विभाग और पालिका के विभिन्न विभागीय कार्यालयों के माध्यम से की जाती है। वर्तमान में कार्यकारी अभियंता (परिवहन) के अधीन जल आपूर्ति उपविभाग में 37 पानी के टैंकर उपलब्ध हैं। इनसे मुंबई शहर, पश्चिम उपनगर और पूर्व उपनगरों के विभिन्न विभागों को पानी उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में टैंकरों की कमी के कारण कई विभागों में पानी आपूर्ति करने में बाधाएं आती हैं।
इस समस्या के निपटने के लिए 22 नए टैंकर खरीदने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसे बुधवार को स्थायी समिति की बैठक में पेश किया जाएगा। इन 22 नए टैंकरों के शामिल होने के बाद कुल टैंकरों की संख्या बढ़कर 59 हो जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

