ओबीसी जनगणना पर आंदोलन की तैयारी
मुंबई. 20 जून (हि.स.)। ओबीसी जनगणना को लेकर कांग्रेस आक्रामक हो गई है। विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने ओबीसी की स्वतंत्र जनगणना को लेकर केंद्र सरकार से स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की हो। उन्होंने चेतावनी दी है कि ओबीसी समाज के विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा के लिए जल्द बैठक आयोजित की जाएगी और इसके बाद राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।
वडेट्टीवार के अनुसार ओबीसी जनगणना की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। जनगणना में अलग से ओबीसी कॉलम नहीं होने से इस वर्ग के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को स्पष्ट और ठोस निर्णय लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पर सूखे का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। अल-नीनो के प्रभाव, बांधों में घटते जलस्तर और मराठवाड़ा सहित कई क्षेत्रों में बिगड़ती स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार को तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। सरकार संभावित जल संकट और किसानों की समस्याओं से निपटने के लिए अपनी कार्ययोजना सार्वजनिक करे।राज्य में बढ़ते अपराध, महिलाओं पर अत्याचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर जैसे तमाम मुद्दों पर आगामी मानसून सत्र में सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
उद्धव ठाकरे की पार्टी में पढ़ी फूट के विषय पर वडेट्टीवार ने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में बदलाव लगातार होते रहते हैं, लेकिन किसी विचारधारा या दल को आसानी से समाप्त नहीं किया जा सकता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

