home page

नवनाथ बन ने कांग्रेस पर भारत को बदनाम करने की साजिस रचने का लगाया आरोप

 | 

मुंबई, 21 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने शनिवार को कांग्रेस पर वैश्विक स्तर पर भारत को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

नवनाथ बन ने मुंबई में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बदनाम करने की सुनियोजित साजिश है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कपड़े उतारकर किया गया प्रदर्शन शर्मनाक था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्वभर में भारत का मान-सम्मान ऊंचा हो रहा है। देश की प्रगति और बढ़ती ताकत से असहज हुई कांग्रेस ने यह निंदनीय कृत्य किया है।

नवनाथ बन ने कहा कि कांग्रेस के इस देशविरोधी कृत्य के विरोध में कल भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और आज भी राहुल गांधी के भिवंडी कोर्ट जाते समय कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए। उन्होंने कहा कि देश विरोधी एजेंडा चलाने वाली कांग्रेस को आने वाले समय में करारा जवाब दिया जाएगा। बन ने कहा कि भारत की युवा पीढ़ी प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है और कांग्रेस चाहे जितने प्रयास कर ले, कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव