home page

अव्यवस्था के कारण लग रहा ट्रैफिक जाम, पेट्रोल पंप मालिक को पुलिस ने भेजा नोटिस

 | 

मुंबई, 01 अक्टूबर, (हि. स.)। वसई-अर्नाला मुख्य मार्ग पर भुईगांव नाका स्थित अंबेश पेट्रोल पंप पर सीएनजी भराने वाले वाहनों की लंबी कतार से लोग परेशान हैं। सड़क के दोनों ओर चार पहिया वाहनों और ऑटो की कतार लगने से यातायात बाधित होने के साथ हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वसई पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक को नोटिस जारी किया है। नोटिस देते हुए पुलिस ने पंप मालिक को निर्देश दिया है कि सीएनजी के लिए आने वाले वाहनों की कतार मुख्य सड़क पर न लगे। इसके लिए पंप परिसर में पार्किंग या अन्य उपयुक्त व्यवस्था की जाए। सड़क पर कतार दोबारा दिखाई देने पर पंप प्रशासन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

अंबेश पेट्रोल पंप पर सीएनजी के लिए आने वाले वाहन मुख्य सड़क के किनारे खड़े रहते हैं। एक तरफ चार पहिया वाहनों की कतार तो दूसरी ओर ऑटो की लाइन लगने से सड़क संकरी हो जाती है। कतार में खड़े ऑटो अचानक पंप की ओर मुड़ते हैं, जिससे छोटे-बड़े हादसे होने की शिकायत स्थानीय नागरिकों ने की है। इस समस्या को लेकर वसई जनशक्ति आघाड़ी ने 2 अक्टूबर को वसई-अर्नाला मुख्य मार्ग पर रास्ता रोको आंदोलन की चेतावनी दी थी। इसके बाद 29 सितंबर को पुलिस अधिकारियों, नालासोपारा थाने के वरिष्ठ निरीक्षक और वसई यातायात शाखा के अधिकारियों ने भुईगांव पुलिस चौकी में बैठक कर मौके का जायजा लिया था।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार