केईएम अस्पताल में मरीज की मौत, परिजनों ने की कर्मचारियों के साथ मारपीट
मुंबई, 28 अप्रैल (हि.स.)। परेल स्थित बीएमसी संचालित केईएम अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार को एक मरीज की मौत हो गई। इससे गुस्साए मरीज के परिजनों अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस घटना में एक नर्स घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय गणेश कोनेकर नामक मरीज को लीवर क्रोनिक डिजिज के चलते गंभीर स्थिति में केईएम अस्पताल के वार्ड क्रमांक 41 में भर्ती कराया गया था। इस बीच इलाज के दौरान मंगलवार को तड़के करीब पांच बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों के साथ करीब 15 लोगों ने अस्पताल के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस हमले में एक नर्स को गंभीर चोटें आई हैं। इस घटना के विरोध में अस्पताल की नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने काम बंद आंदोलन शुरू कर दिया। अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और नर्सों के खाली पद जल्द भरने की मांग की गई है। कर्मचारियों का आरोप है कि अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा के अभाव के कारण ही ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। अस्पताल प्रशासन और मनपा की लापरवाही की वजह से कर्मचारियों की जान जोखिम में पड़ रही है।
केईएम अस्पताल की डीन संगीता रावत के अनुसार इस घटना में एक नर्स घायल हुई है। सीसीटीवी में भी साफ दिख रहा है। नर्स का सिटी स्कैन किया गया है। अंदरूनी चोट नहीं है, लेकिन बाहर काफी सूजन और चोटें हैं। धीरे-धीरे उसके हालत में सुधार हो रहा है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

