2 करोड़ की लागत से जीवदानी मंदिर की पार्किंग तक बनेगी सड़क, विधायक ने किया भूमिपूजन
मुंबई, 03 नवंबर(हि.स.)। लाखों श्रद्धालुओं के श्रद्धा का स्थल श्री जीवदानी मंदिर के पार्किंग क्षेत्र तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को अब गड्ढों भरे सफर से नहीं गुजरना पड़ेगा। भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजन नाईक के प्रयासों के कारण पर्यटन विभाग ने पार्किंग क्षेत्र के कंक्रीटीकरण और पार्किंग तक पहुंचने वाली सड़क के लिए दो करोड़ रुपये का फंड मंजूर किया है। इस कार्य का भूमिपूजन विधायक राजन नाईक के हाथों संपन्न हुआ।
पालघर जिले सहित राज्य के लाखों श्रद्धालुओं द्वारा हर साल श्री जीवदानी माता मंदिर के दर्शन किए जाते हैं। त्योहारों, उत्सवों, नवरात्र और शनिवार-रविवार की छुट्टियों के दिनों में यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इनमें निजी बसों और कारों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक होती है।
श्री जीवदानी मंदिर की तलहटी में स्थित पार्किंग की ओर आने वाली सड़क की हालत काफी खराब हो गई थी। कुछ जगहों पर गड्ढे हो जाने के कारण भीड़ के समय यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती थी। साथ ही, पार्किंग क्षेत्र में कंक्रीट न होने की वजह से बारिश के मौसम में श्रद्धालुओं को काफी असुविधा होती थी।
इसी पृष्ठभूमि को देखते हुए, विधायक राजन नाईक द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से पार्किंग तक जाने वाली सड़क और पार्किंग क्षेत्र का कंक्रीटीकरण करने की मांग की गई थी। इस संबंध में वे पर्यटन विभाग के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए थे।
आखिरकार राज्य सरकार के पर्यटन विभाग ने दो करोड़ रुपए का फंड (निधि) मंजूर कर दिया है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी किया जा चुका था, जिसके अनुसार इस कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस योजना के तहत मुख्य सड़क से लेकर पार्किंग क्षेत्र तक जाने के लिए कंक्रीट की सड़क बनाई जाएगी और साथ ही पूरे पार्किंग क्षेत्र का भी कंक्रीटीकरण किया जाएगा।
श्री जीवदानी माता मंदिर की पहचान पालघर जिले के एक प्रसिद्ध तीर्थ स्थल के रूप में है। श्री जीवदानी मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी ढांचागत सुविधाओं को और अधिक मजबूत करने के लिए विधायक राजन नाईक लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी के तहत कंक्रीट पार्किंग और सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। विधायक राजन नाईक ने कहा कि आने वाले समय में भी श्री जीवदानी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
_________________
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

