home page

महाराष्ट्र के अग्रणी पांच जिलों में होगा पालघर: मुख्यमंत्री

 | 

मुंबई, 09 अक्टूबर (हि.स.)।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि यह गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डर से एकजुट हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन में शामिल दलों के बीच वास्तविक एकता नहीं है। ये पार्टियां अलग-अलग राज्यों में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ती हैं, लेकिन दिल्ली में मोदी को सत्ता से हटाने के लिए एक मंच पर आ जाती हैं। वहीं, पालघर जिले के हनुमान नगर में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले को महाराष्ट्र के शीर्ष पांच जिलों में शामिल करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ आदिवासियों, किसानों, खेत मजदूरों और महिलाओं तक पहुंचना चाहिए। वाढवण बंदरगाह, हवाई अड्डे, बुलेट ट्रेन और सड़क परियोजनाओं से जिले में विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी, लेकिन स्थानीय लोगों के हित सर्वोपरि रहेंगे।

फडणवीस ने हनुमान नगर और चंद्रनगर के पात्र परिवारों को तीन महीने में जमीन का सातबारा उपलब्ध कराने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि करीब 50 वर्षों से पुनर्वास और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे लोगों को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। चंद्रनगर को ग्राम पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह