पालघर में राजू सिकंदर शेख ने की ठगी
मुंबई, 13 अप्रैल (हि.स.)।
पालघर जिले में एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया के जरिए फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाने वाले आरोपी का पर्दाफाश हुआ है। आरोपी की पहचान राजू सिकंदर शेख के रूप में हुई है, जिसने इंस्टाग्राम पर ‘अजय म्हस्के’ नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर कई महिलाओं की जिंदगी से खिलवाड़ किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पालघर की 29 वर्षीय अविवाहित महिला से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क किया। धीरे-धीरे बातचीत को प्रेम संबंध में बदला और फिर शादी का झांसा देकर मंदिर में सिंदूर और कुंकू लगाकर नकली विवाह रचाया। इसके बाद करीब छह महीनों तक शारीरिक संबंध बनाते हुए उसने अलग-अलग बहानों से पीड़िता से लगभग ढाई लाख रुपये ऐंठ लिए। बजरंग दल का दावा है कि आरोपी की असली पत्नी ने भी पीड़िता को फोन कर उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इन तस्वीरों को रोकने के बदले दो लाख रुपये की मांग की गई, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई।
आखिरकार पीड़िता ने स्थानीय विहिप - बजरंग दल पदाधिकारियों से संपर्क किया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने रणनीति बनाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी बार-बार लोकेशन बदलता रहा और कभी मुंबई तो कभी पुणे बुलाता रहा, लेकिन पुलिस ने उसे आखिरकार दबोच लिया। विहिप नेता मुकेश दुबे ने दावा किया है कि राजू सिकंदर शेख ने इसी तरह तीन अन्य महिलाओं को भी ठगा है, जबकि दो और महिलाओं को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहा था। इस पूरे मामले की जांच अब और गहराई से की जा रही है।
इस प्रकरण में आरोपी की पत्नी और वसूली में शामिल उसके सहयोगी को भी सह-आरोपी बनाने की मांग उठ रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
विहिप के नेता मुकेश दुबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं को निशाना बनाने वाले गिरोह तेजी से सक्रिय हो रहे हैं। उन्होंने युवतियों से अपील की है कि ऑनलाइन रिश्तों में सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें।
हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह

