पालघर में नशे के खिलाफ दोहरी कार्रवाई, गांजा और डोडा पाउडर की बड़ी खेप जब्त, पांच आरोपी गिरफ्तार
मुंबई, 05 फ़रवरी (हि.स.)।
पालघर.जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पालघर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। पहली कार्रवाई में तलासरी पुलिस ने करीब 2.965 किलोग्राम गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरी कार्रवाई में कासा पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने 143.51 किलोग्राम डोडा पाउडर (अफ़ीम से तैयार मादक पदार्थ) बरामद कर तीन आरोपियों को पकड़ा है।
तलासरी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय गोरड और उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि अमगांव चौकी क्षेत्र के मौजे संभा स्थित इराणी फार्म इलाके में एक घर में गांजा बिक्री के लिए रखा गया है। छापेमारी में सूखा गांजा बरामद हुआ और इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
वहीं, कासा थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान स्थानीय अपराध शाखा को सूचना मिली कि सोमटा गांव में एक व्यक्ति ने अपने घर के पास डोडा पाउडर और सूखी अफीम की डोडियां जमा कर रखी हैं। संयुक्त टीम की छापेमारी में 143.51 किलो मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 21.52 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत से पुलिस हिरासत मंजूर कराई गई है। दोनों मामलों की आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह

