home page

परप्रांतीय पहले जमीन खा रहे थे, अब किसानों की जान ले रहे हैः रोहिणी खड़से

 | 

मुंबई, 02 नवंबर (हि.स.)। एनसीपी (एसपी) की महिला प्रदेश अध्यक्ष रोहिणी खड़से के एक आरोप ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि परप्रांतीय पहले किसानों की ज़मीन खा रहे थे, अब वे किसानों की जान ले रहे हैं।

रोहिणी खड़से ने जलगांव जिले की अमलनेर तहसील के नांदरी गांव में गैर-कानूनी रेत परिवहन का विरोध कर रहे किसान शरद पाटिल की डंपर से कुचलकर मौत की घटना पर सरकार और प्रशासन की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि जिले में लॉ एंड ऑर्डर खत्म हो गया है। भोकर तहसील में लूट, फूलगांव में एक युवक पर गोली चलाना और अब नांदरी गाँव में एक किसान की हत्या जैसी घटनाओं से हालात गंभीर हो गए हैं। मेरे जलगांव ज़िले को कहां ले जाया जा रहा है?

रोहिणी ने बताया कि गैर-कानूनी रेत परिवहन का विरोध करने पर शरद पाटिल को धमकाया गया। पाटिल ने पुलिस में शिकायत भी की। लेकिन प्रशासन ने समय पर कार्रवाई नहीं की। रेत माफिया ने आखिरकार उनकी जान ले ली। उन्होंने दावा किया कि जिन डंपरों की बात हो रही है, वे हरियाणा के हैं। आरटीओ की नाक के नीचे जिले में आते हैं। बिना किसी दिक्कत के रेत ले जाते हैं। कुछ डंपरों पर तो नंबर प्लेट भी नहीं होती, लेकिन प्रशासन कोई एक्शन नहीं लेता। जिले में महायुति के सांसद, विधायक और चार मंत्री होने के बावजूद कोई आवाज नहीं उठाता। सरकार रेत माफिया को सपोर्ट कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार