ऑरेंज गेट टनल से बढ़ेगी ईस्ट-वेस्ट की कनेक्टिवीटी, सुरंग का 250 मीटर काम पूरा
मुंबई, 09 मई (हि.स.)। एमएमआरडीए ने 4.8 किमी ऑरेंज गेट अंडरग्राउंड टनल परियोजना में बन रही 250 मीटर सुरंग खुदाई का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह परियजोना मुंबई की नई ईस्ट-वेस्ट लाइफलाइन बनने जा रही है, जिससे व्यस्त समय में भी 40 मिनट का सफर महज 5 मिनट में पूरा हो सकेगा।
एमएमआरडीए के अनुसार यह परियोजना मुंबई के सबसे महत्वपूर्ण पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी कॉरिडोरों में से एक होगी। हर टनल में दो ट्रैफिक लेन और एक इमरजेंसी लेन होगी। वाहनों की डिजाइन स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। घनी आबादी और संवेदनशील शहरी ढांचे के नीचे सुरंग निर्माण के बावजूद जमीन स्तर पर शहर के सामान्य कामकाज को प्रभावित नहीं होने दिया जा रहा है। लगभग 50 मीटर गहराई पर तैयार हो रही यह सुरंग मौजूदा इमारतों, रेलवे नेटवर्क और मेट्रो सिस्टम को बिना प्रभावित किए विकसित की जा रही है।
इस परियोजना में 12.19 मीटर व्यास और करीब 2400 टन वजन वाली हाई-कैपेसिटी स्लरी शील्ड टीबीएम का इस्तेमाल किया जा रहा है। मशीन की लंबाई 80 मीटर है और इसे विशेष रूप से मुंबई के तटीय और मिश्रित भूगर्भीय क्षेत्रों में सुरक्षित सुरंग निर्माण के लिए डिजाइन किया गया है। अब तक 575 से अधिक टनल लाइनिंग रिंग्स स्थापित की जा चुकी हैं, जिन्हें करीब 4600 प्रीकास्ट कंक्रीट सेगमेंट्स से तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अनुसार ऑरेंज गेट भूमिगत टनल जैसी परियोजना विश्वस्तरीय शहरी अवसंरचना निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। यह परियोजना भूमि-स्तर पर शहर की परिचालन क्षमता को संरक्षित रखते हुए मोबिलिटी क्षमता को बढ़ाएगी. ‘पाताल लोक रोड नेटवर्क’ नामक टनल रोड नेटवर्क के माध्यम से मुंबई के निर्माण की दिशा में यह परियोजना एक महत्वपूर्ण कदम है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अनुसार ऑरेंज गेट टनल परियोजना केवल एक परिवहन कॉरिडोर नहीं, बल्कि एमएमआर क्षेत्र के लिए बहुआयामी मोबिलिटी नेटवर्क के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

