कर्जत टोरेंट पावर प्रोजेक्ट पर विपक्ष कर रहा गुमराहः मुख्यमंत्री फडणवीस
मुंबई, 26 अक्टूबर (हि.स.)। रायगढ़ जिले के कर्जत तहसील स्थित भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग मंदिर इलाके में टोरेंट पावर कंपनी के प्रस्तावित जलविद्युत परियोजना पर उपजे विवाद को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना फायदेमंद है और बिजली की मांग को पूरा करेगी। लेकिन विपक्ष गलत जानकारी फैलाकर जनता को गुमराह कर रहा है। विपक्षी नेता राज्य के विकास में रोड़ा डालने का काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि कर्जत में 3,000 मेगावाट की इस परियोजना पर 13,505 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इस परियोजना से स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन होगा और बिजली की अधिकतम मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। महाराष्ट्र ने सौर ऊर्जा उत्पादन की पर्याप्त क्षमता विकसित की है, लेकिन शाम पांच बजे के बाद सौर ऊर्जा उपलब्ध नहीं होती। इस समय बिजली की मांग चरम पर पहुंच जाती है। बिजली की सर्वाधिक मांग करीब चार घंटे रहती है। इस परियोजना से प्रदूषण नहीं फैलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली की मांग पूरी करने के लिए कोयले से बिजली पैदा की जाती है, तो इससे काफी प्रदूषण होगा। कर्जत परियोजना से बिना किसी प्रदूषण के बिजली उपलब्ध होगी। इससे पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं होगा और न ही किसी की आजिविका प्रभावित होगी। वन्यजीवों को कोई नुकसान नहीं होगा। क्षेत्र में 90 हजार पेड़ लगाए जाएंगे। परियोजना के लिए 18 महीने की कानूनी प्रक्रिया के बाद सभी आवश्यक मंजूरियां ली गई हैं। स्थानीय लोगों का भी पक्ष सुना जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

