विपक्ष की संविधान दिखाकर संविधान से बनी संस्थाओं को खत्म करने की साजिशः मुख्यमंत्री फडणवीस
मुंबई, 11 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस और सीजेपी आंदोलन को लेकर विपक्ष पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि देश में जो कुछ भी हो रहा है उसके पीछे एक व्यवस्थित षडयंत्र है। विपक्ष संविधान के तहत चल रही संस्थाओं को खत्म करने की साजिश रच रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे कांग्रेस हो या कॉकरोच जनता पार्टी, वे संविधान दिखाकर विरोध करते हैं। वे विरोध क्यों कर रहे हैं, उनका कहना है कि सभी संवैधानिक संस्थाएं यानी सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग, ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग खराब हैं। इसके पीछे संविधान से चलने वाली इन सभी संस्थाओं का अवमूल्यन करना है। फिर यह कहना कि संविधान से बनी संस्थाएं आपको न्याय नहीं दे पाएंगी। इस तरह संविधान को दिखाकर संविधान के खिलाफ साजिश रची जा रही है। ये लोग अल्ट्रा-लेफ्टिस्ट सिस्टम लाना चाहते हैं। वे बिना किसी तर्क के बात कर रहे हैं। फडणवीस ने आरोप लगाया कि अगर कोई तर्क के साथ तथ्य पेश करता है, तो वे उसकी आलोचना करेंगे और ट्रोल करेंगे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में सबसे बात हो सकती है। हमने तो अल्ट्रा-लेफ्टिस्ट नक्सलियों से भी बात की है। लोकतंत्र में मुद्दे और समस्याएं सिर्फ चर्चा से ही हल होती हैं। नक्सलियों की बात से सहमत हैं, इसलिए हम चर्चा नहीं करते. इसके उलट हम उन्हें समझा- बुझाकर उनका मन बदलने की कोशिश करते हैं। पेपर लीक का कोई समर्थन नहीं करता. सरकार ने नीट की परीक्षा दोबारा कराई। यह परीक्षा पारदर्शी तरीके से हुई। उसके बाद सीजेपी के कार्यकर्ता जंतर-मंतर पर जमा हुए और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। आपको इस्तीफा मांगने का हक है। लेकिन प्रधानमंत्री को अपशब्द कहना और वहां ऐसी चीज़ें हो रही थीं, जो बर्दाश्त के बाहर थीं। उसे अराजकता कहते हैं। आपकी भूख हड़ताल अराजकता नहीं है। लेकिन वहां 2,000 लोग थे जिनके खिलाफ गंभीर जुर्म दर्ज थे, उसे अराजकता फैलाना कहते हैं।
कुछ प्रदर्शनकारियों की ओर से तारीफ किए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि वे मेरी प्रशंसा इसलिए करेंगे क्योंकि वे मुझसे ऊपर के लोगों को गाली देना चाहते हैं। अगर उन्होंने सच में मेरी तारीफ की होती, तो मैं शुक्रिया कहता, लेकिन मुझे इसके पीछे का मकसद पता है, इसलिए मैं परेशान नहीं होता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

