अमराठी ड्राइवरों के लिए बचे सिर्फ 9 दिन, 15 अगस्त के बाद मराठी होगी अनिवार्य
मुंबई, 06 (हि.स.)। महाराष्ट्र में कमर्शियल यात्री वाहन चलाने वाले अमराठी ड्राइवरों को परिवहन विभाग ने फिर सचेत किया है। मराठी भाषा प्रशिक्षण लेने की फिर अपील की गई है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 अगस्त तक चलेगा और इसमें केवल 9 दिन बचे हैं। इसके बाद वाहन चालकों के लिए यात्रियों से सहज मराठी भाषा में बातचीत करना अनिवार्य होगा।
मराठी भाषा सिखाने की मुहिम एक मई से मराठी भाषा विभाग, मुंबई मराठी साहित्य संघ और कोंकण मराठी साहित्य परिषद के सहयोग से पूरे राज्य में चलाई जा रही है। परिवहन विभाग की इसे लेकर गुरुवार को समीक्षा बैठक हुई। इसमें परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, परिवहन आयुक्त राजेश नार्वेकर, वरिष्ठ लेखक प्रदीप धवन और अलग-अलग साहित्यिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे। अब तक राज्यभर में 1 लाख से ज्यादा अमराठी चालकों ने राज्य सरकार के 'हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे मराठी टीचिंग मिशन' में हिस्सा लेकर मराठी का प्रशिक्षण पूरा किया है। सरकार ने अभी तक इस बारे में कोई अधिकृत बयान जारी नहीं किया है कि 15 अगस्त के बाद ट्रेनिंग पूरी न करने वाले ड्राइवरों के खिलाफ क्या सजा या प्रशानिक फैसला लिया जाएगा। अभी सरकार का ध्यान अधिक से अधिक ड्राइवरों को अपनी मर्जी से मराठी सीखने पर है।
परिवहन मंत्री सरनाईक ने कहा कि बाकी ड्राइवरों को भी 15 अगस्त से पहले ट्रेनिंग पूरी कर लेनी चाहिए। यह मिशन 17 अगस्त को मुख्यमंत्री की मौजूदगी में खत्म होगा और ट्रेनिंग पूरी करने वाले ड्राइवरों को सर्टिफिकेट बांटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में नौकरी करते समय मराठी भाषा से रिश्ता बनाना सिर्फ औपचारिक बात नहीं बल्कि सामाजिक ज़िम्मेदारी है। मराठी कोई ज़रूरी भाषा नहीं बल्कि प्यार और बातचीत की भाषा है। हर ड्राइवर जो यात्रियों से मराठी में कुछ शब्द बोलता है, वह महाराष्ट्र की संस्कृति का सम्मान करने वाला प्रतिनिधि है। मराठी सिर्फ बातचीत का जरिया नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र की पहचान, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। सरकार की कोशिश है कि राज्य में रोजी-रोटी कमाने वाला हर कोई मराठी का सम्मान करे। मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा मिलने के बाद इसके प्रमोशन और फैलाव के लिए यह पहल बेहद जरूरी हो गई है।
मंत्री सरनाईक ने बताया कि मराठी प्रशिक्षण की मुहिम 1 मई से शुरू हुई थी. यह अभियान 17 अगस्त को ठाणे के राम गणेश गडकरी रंगायतन में खत्म होगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस कार्यक्रम का उद्घाटन और समापन करेंगे। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार, मराठी भाषा मंत्री उदय सामंत सहित संबंधित मंत्री व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रशिक्षण ले चुके ड्राइवरों को सर्टिफिकेट बांटे जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

