महाराष्ट्र के बांधों में बचा केवल 27.79 फीसदी पानी
मुंबई, 01 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र में कहीं भीषण गर्मी तो कहीं बेमौसम तूफानी बारिश का दौर जारी है। राज्य में 10 जून तक मानसून के दाखिल होने की संभावना नहीं है। इस बीच सूबे के बांधों में सिर्फ 27.79 फीसदी पानी ही शेष बचा है। यदि मानसून समय पर नहीं आया तो जलसंकट गहरा सकता है।
जल संशाधन विभाग की ओर से सोमवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार राज्य के कुल 3,028 बांधों में 27.79 प्रतिशत पानी बचा है। पिछले साल इसी अवधि में बांधों में जलभंडारण 30.04 प्रतिशत था। पिछले साल के मुकाबले इस साल पानी के भंडारण में 2.25 फीसदी की कमी आई है। बढ़ती गर्मी की वजह से राज्य में पानी का संकट गहराता जा रहा है। यदि मानसून समय पर नहीं आया तो पानी की कमी की गंभीरता को देखते हुए, प्रशासन ने बांधों से पानी निकालने और इस्तेमाल करने की योजना बनाने की अपील की है।
बांधों की स्थिति:-
• राज्य के 276 बांधों में से सबसे ज़्यादा 40.83 प्रतिशत पानी अमरावती विभाग में उपलब्ध है। पिछले साल यह स्थिति 38.72 प्रतिशत थी।
• पुणे विभाग के 724 बांधों में इस साल सबसे कम पानी बचा है। बांधों में 18.92 प्रतिशत शेष बचा है। पिछले साल बांधों में 24.23 प्रतिशत पानी था। इस इलाके में इस साल पानी की बहुत कमी देखी जा रही है।
• नागपुर विभाग में 38.36 प्रतिशत
• कोंकण विभाग 33.72 प्रतिशत
• मराठवाड़ा विभाग में 30.34 प्रतिशत
• नासिक विभाग में 28.77 प्रतिशत
परियोजनावार पानी का भंडारण:
• बड़े प्रोजेक्ट (138): राज्य में कुल 138 बड़े प्रोजेक्ट की इस्तेमाल करने लायक स्टोरेज कैपेसिटी 29,104.35 डीएलएम है, और अभी 7,826.36 डीएलएम (26.89%) स्टोरेज मौजूद है।
• मीडियम प्रोजेक्ट (244): मीडियम प्रोजेक्ट में 33.93% इस्तेमाल करने लायक स्टोरेज बचा है।
• छोटे प्रोजेक्ट (2,626): छोटे प्रोजेक्ट में अभी 27.09% पानी का स्टोरेज बचा है।
• राज्य में कुल बांधों की संख्या: 3,028 बांध (बड़े प्रोजेक्ट: 138, मीडियम प्रोजेक्ट: 244 और छोटे प्रोजेक्ट: 2,626)
• कुल अनुमानित उपयोगी पानी स्टोरेज कैपेसिटी: 40,847.90 मिलियन क्यूबिक मीटर
• उपलब्ध पानी भंडारण: 11,350.37 मिलियन क्यूबिक मीटर
• राज्य में पानी भंडारण का औसत प्रतिशत: 27.79%
पिछले साल इसी अवधि में पानी स्टोरेज का प्रतिशत: 30.04%
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

