म्हाडा घरों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू
मुंबई, 20 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र गृहनिर्माण एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) ने मुंबई के घरों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया है। मालाड-मालवणी, टैगोर नगर-विक्रोली, कन्नमवार नगर-विक्रोली, गोराई और आकुर्ली की म्हाडा कॉलोनी में स्थित 8 सुविधा भूखंडों के आवंटन के लिए ‘पहले आओ, पहले पाओ’ की तर्ज पर इच्छुकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
म्हाडा से मिली जानकारी के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है। पहले चरण में उपलब्ध सुविधा भूखंडों की बुकिंग प्रक्रिया 25 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। ऑनलाइन आवेदन व आवश्यक दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख 5 सितंबर 2026 को शाम 5:30 बजे तक है। इस चरण के पात्र व अपात्र आवेदकों की सूची 15 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे प्रकाशित की जाएगी।
पहले चरण में आवंटन से शेष रह गए और नए शामिल किए गए सुविधा भूखंड दूसरे चरण में आवंटन के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। इस चरण की प्रक्रिया 20 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 को शाम 5:30 बजे तक है। पात्र और अपात्र आवेदकों की सूची 10 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे प्रकाशित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

