home page

ऑनलाइन होगी डॉक्टरों की नियुक्ति

 | 

मुंबई, 14 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने अपने अधीन मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। बॉन्ड सेवा के तहत काम करने वाले डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए एक केंद्रीकृत ऑनलाइन काउंसलिंग व्यवस्था शुरू करने की तैयारी कर रही है। इससे अलग-अलग अस्पतालों में होने वाली मनमानी नियुक्तियों पर रोक लगेगी और योग्य डॉक्टरों को बराबर अवसर मिल सकेंगे।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को अपने यहां रिक्त पड़े सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के पदों की जानकारी एक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। डॉक्टरों को ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से नियुक्त किया जाएगा। सरकार ने साफ किया है कि पोर्टल के जरिए नियुक्त होने वाले डॉक्टरों को ही मानधन दिया जाएगा। सीधे अपने स्तर पर नियुक्तियां करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

यह निर्णय महाराष्ट्र सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल और मेडिकल शिक्षा विभाग के अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया। बैठक में डॉक्टरों की कमी और खाली पदों की पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाया गया। एसोसिएशन ने मांग की कि सभी रिक्त पदों को काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल किया जाए। राज्य सरकार ने बीएमसी अस्पतालों में उपलब्ध बॉन्ड सेवा के पदों को भी इस प्रक्रिया में शामिल करने पर सहमति जताई है। इसके लिए बीएमसी आयुक्त के सामने प्रस्ताव रखा जाएगा।

वर्ष 2026 की शीतकालीन परीक्षा के बाद स्नातकोत्तर पढ़ाई पूरी करने वाले डॉक्टरों के लिए अलग से काउंसलिंग का एक दौर आयोजित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से नियुक्तियों में पारदर्शिता बढ़ेगी और सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार