मनपा अस्पतालों में लागू होगी 'एक मरीज-एक परिजन' नीति
मुंबई, 13 जुलाई (हि.स.)। मुंबई मनपा के अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 'एक मरीज-एक परिजन' नीति लागू करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। इस संबंध में मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े को पत्र लिखकर मनपा अस्पतालों में नई व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया है।
महापौर ने अपने पत्र में लिखा है कि प्रमुख और उपनगरीय अस्पतालों में बढ़ती भीड़ के कारण मरीजों, डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रत्येक भर्ती मरीज के साथ वार्ड में केवल एक परिजन को रहने की अनुमति देने से अनावश्यक भीड़ कम की जा सकती है। इससे डॉक्टरों और नर्सों को उपचार कार्य में सुविधा मिलने के साथ मरीजों को अपेक्षाकृत शांत और संक्रमणमुक्त वातावरण भी उपलब्ध हो सकेगा।
महापौर ने सुझाव दिया है कि इस व्यवस्था की शुरुआत प्रायोगिक आधार पर पहले केईएम, सायन और नायर अस्पताल में की जाए। इसके अलावा अस्पतालों के प्रवेश द्वार पर विजिटर पास मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। यदि यह व्यवस्था डिजिटल माध्यम से संचालित की जाती है तो सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी होने के साथ अनधिकृत लोगों की आवाजाही पर भी नियंत्रण रखा जा सकेगा। प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि आईसीयू में भर्ती या अत्यंत गंभीर मरीजों के मामलों में अस्पताल प्रशासन मानवीय आधार पर एक से अधिक परिजनों को प्रवेश की विशेष अनुमति दे सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

