पिता की संपत्ति विरासत में मिलती है, पार्टी नहीं- रामदास कदम
मुंबई, 22 अगस्त (हि.स.)। शिवसेना पार्टी और चुनाव चिन्ह धनुष बाण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई को लेकर शिंदे गुट के नेता रामदास कदम ने यूबीटी के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि पिता की संपत्ति विरासत में मिलती है, लेकिन पार्टी नहीं मिलती। शीघ्र ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
शिवसेना की कानूनी लड़ाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कदम ने कहा कि संपत्ति विरासत में मिलती है, लेकिन पार्टी नहीं. अगर हम इन बातों का अध्ययन करें तो जब हमारे वकील सुप्रीम कोर्ट में बहस करेंगे तो ये बातें और साफ हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आधा चम्मच लेकर पीले हो जाते हैं, तो उन्हें सपने देखने दो। कांग्रेस नेता व लेकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पुणे के दौरे पर कदम ने कहा कि मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि आपने गरीबी हटाने का नारा दिया था। अब तक कितनी गरीबी हटाई। आपने निचले तबके के लोगों के लिए क्या किया है?
कदम ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तो केवल हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच की खाई को पाटने का काम किया गया था। यह मेरा दावा है और मैं जिम्मेदारी से बोल रहा हूं कि यह सब मुस्लिम समुदाय का वोट पाने व सत्ता का मजा लेने के लिए किया जा रहा था। आपने उस मुस्लिम समुदाय के लिए क्या किया है। पुणे का कार्यक्रम केवल सत्ता के लिए है। यह राहुल गांधी की बचकानी कोशिश है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

