home page

ठाणे में 5.5 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ सहित एक व्यक्ति गिरफ्तार, एक अन्य फरार

 | 

मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के वालकुम पाड़ा इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.5 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी हुई है।

कापुरबावड़ी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सलिल भोसले ने बताया कि पुलिस को वालकुम पाड़ा क्षेत्र में मादक पदार्थ की बिक्री की गोपनीय जानकारी मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक भूषण शिंदे के नेतृत्व में टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की।

निगरानी के दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान एक व्यक्ति मौके से भागने में सफल रहा, जबकि पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी अनवर अली (38) को पकड़ लिया।

आरोपित के पास से 505 ग्राम वजऩ वाले कुल 10 पैकेट, 5,565 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत 5 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में अनवर अली ने बताया कि उसका फरार साथी नेपाल का मूल निवासी है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपित की तलाश जारी है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव