केमिकल फैक्ट्री से ओलियम गैस रिसाव, कई लोग प्रभावित
मुंबई, 02 मार्च (हि.स.)।पालघर जिले के बोईसर स्थित तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को भगेरिया केमिकल्स कंपनी में ओलियम गैस रिसाव की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गैस हवा के संपर्क में आने के बाद आसपास के औद्योगिक और रिहायशी क्षेत्रों तक फैल गई, जिससे लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी की शिकायत होने लगी।
प्रशासन के अनुसार रिसाव की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल, पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए गए। एहतियात के तौर पर कंपनी परिसर की ओर जाने वाले रास्ते बंद कर दिए गए तथा आसपास के संस्थानों और स्कूलों को सतर्क किया गया।
कुछ प्रभावित लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से घरों के अंदर रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। घटना के कारण क्षेत्र में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह

