विप चुनाव निर्विरोध कराने विपक्षी उम्मीदवारों को करोड़ों रुपये के ऑफर: हर्षवर्धन सपकाल
मुंबई,04 जून (हि.स)। कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सत्ताधारी महायुति पर विधान परिषद चुनाव में विपक्ष गठबंधन महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवारों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की लगभग हर जगह सत्ता होने के बावजूद उसे और अधिक सत्ता चाहिए। इसी सत्ता के लालच में भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को पैरों तले कुचल रही है।
बुलढाणा में पत्रकारों को संबोधित करते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि विधान परिषद चुनाव को निर्विरोध कराने के लिए विपक्षी दलों के उम्मीदवारों को करोड़ों रुपये के ऑफर दिए जा रहे हैं। उम्मीदवारों से नामांकन वापस लेने के लिए भाजपा ने नैतिकता को ताक पर रखकर हर संभव हथकंडा अपनाया है। भाजपा को लोकतंत्र नहीं चाहिए, उसे ‘इलेक्शन सिस्टम’ नहीं बल्कि ‘नॉमिनेशन सिस्टम’ चाहिए। विधान परिषद चुनाव की निकाय संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि सीमित मतदाताओं से चुने जाते हैं। इस चुनाव में भी सत्ताधारी महायुति खुलेआम ‘पैसा फेंको, तमाशा देखो’ का खेला खेल रही है।
सपकाल के अनुसार विपक्षी उम्मीदवारों से नामांकन वापस लेने के लिए महायुति ने सत्ता और धन का दुरुपयोग किया है। षड्यंत्र, विश्वासघात और भारी पैमाने पर धन वितरण किया गया है। सत्ताधारी महायुति इस चुनाव का सामना अत्यंत विकृत तरीके से कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए बिल्कुल भी अच्छा संकेत नहीं है।चुनाव लोकतंत्र का उत्सव होते हैं और उन्हें स्वस्थ और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होना चाहिए। लेकिन चुनाव में खुलेआम घोड़ाबाजारी चल रही है। यह लोकतंत्र के लिए एक काला अध्याय है। भाजपा और चुनाव आयोग के बीच छुपा गठजोड़ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

