चक्रवाती तंत्र से मुंबई में अक्टूबर हीट, पारा 38 के पार
मुंबई, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से और गुजरात के ऊपर बने प्रतिचक्रवाती तंत्र, गर्म व शुष्क हवाओं और समुद्री हवा के देर से पहुंचने के कारण मुंबई में अक्टूबर हीट ने लोगों को परेशान कर दिया है। चिलचिलाती धूप के कारण मुंबई शहर और उपनगरों का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले कई दिनों से मुंबई उमस भरी गर्मी से तप रही है। बीते 11 अक्टूबर को सांताक्रूज में अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक था। यह अक्टूबर का सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 17 अक्टूबर 2015 को मुंबई में 38.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। पिछले 11 वर्षों में अक्टूबर के दौरान 38 डिग्री या उससे अधिक तापमान बहुत कम मौकों पर दर्ज हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मध्य प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से और गुजरात के ऊपर बने प्रतिचक्रवाती तंत्र के कारण हवाएं घड़ी की दिशा में घूम रही हैं। इसके चलते राजस्थान की ओर से उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी दिशा की गर्म व शुष्क हवाएं मुंबई तक पहुंच रही हैं। इससे न केवल तापमान बढ़ रहा है, बल्कि शहर को ठंडक देने वाली समुद्री हवा का आगमन भी देर से हो रहा है। आसमान में बादल नहीं होने से धूप का असर अधिक महसूस हो रहा है। अल नीनो की स्थिति भी इस असामान्य गर्मी का संभावित कारण मानी जा रही है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सप्ताहांत के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है। 17 अक्टूबर से बादल छाने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। मुंबई में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और उपनगरों में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री तक गिर सकता है। रायगढ़ और रत्नागिरी में शनिवार को गरज-चमक और तेज हवाओं की आशंका के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

