home page

एनटीसी मिल मजदूरों का अनशन जारी

 | 

मुंबई, 03 अक्टूर (हि.स.)। बंद पड़ी एनटीसी मिल मजदूरों का अपने बकाया वेतन को लेकर अनिश्चितकाल अनशन पिछले 27 दिनों से जारी है। इस मामले को लेकर राष्ट्रीय मिल मजदूर संघ ने भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन को ज्ञापन सौंपा है। चेतावनी दी गई है कि यदि मिल मजदूर निराशा में खुदकुशी कर लेते हैं या उनके साथ कुछ गलत होता है तो इसकी सारी जिम्मेदारी संबंधित पुलिस स्टेशन की होगी।

मजदूरों को पिछले बारह महीने से सैलरी नहीं मिली है। पिछले साल रिटायर हुए मजदूरों को ग्रेच्युटी नहीं मिली है। 38 महीने से आधी सैलरी और बारह महीने से कोई वेतन नहीं मिला है। ये मिलें 2020 के लॉकडाउन पीरियड में बंद हो गई थीं। इन्हें अभी तक दोबारा नहीं खोला गया है। राष्ट्रीय मिल मजदूर संघ के नेतृत्व में मुंबई में टाटा, इंदु मिल नंबर 5, पोद्दार और दिग्विजय मिल के मजदूर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। एनटीसी प्रंबधन अभी तक कोई हल नहीं निकाल पाया है। यह अनशन 7 सितंबर से शुरू है और इसके 27 दिन पूरे हो चुके हैं। संघ के महासचिव गोविंदराव मोहिते ने श्रमिकों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की थी। उसी के तहत मजदूरों ने आंदोलन में हिस्सा लिया है। मजदूर नेता और विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहीर ने केंद्र सरकार के ध्यान में इस मुद्दे को लाया है। अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाने से मजदूर निराश हैं।

संघ की ट्रेजरर निवृत्ति देसाई के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक साधना पाटिल को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि भूखे पेट जी रहे मिल मजदूर या तो आत्महत्या कर लेंगे या निराशा में कुछ सही-गलत कर लेंगे तो संबंधित पुलिस स्टेशन को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार