home page

बीएमसी के 208 स्वास्थ्य कर्मियों को नोटिस

 | 

मुंबई, 13 अक्टूबर (हि.स.)। बीएमसी प्रशासन ने काम में लापरवाही बरतने वाले 208 स्वास्थ्य कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। हालिया बायोमेट्रिक ऑडिट रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि स्वास्थ्य विभाग के करीब 208 कर्मचारियों की हाजिरी तय सीमा यानी 85 प्रतिशत से भी कम है। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मनपा प्रशासन ने इन सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी की है।

मनपा के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार यह नियमों का सीधा उल्लंघन है। यदि इन कर्मचारियों ने अपने नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दिया, तो उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। नियमों के तहत लापरवाह कर्मियों की वेतन काटा जा सकता है। उनकी सर्विस बुक में भी इस लापरवाही को हमेशा के लिए दर्ज किया जा सकता है।

मुंबई मनपा ने सभी विभागों में पारदर्शिता और अनुशासन लाने के लिए डिजिटल हाजिरी प्रणाली (बायोमेट्रिक सिस्टम) को अनिवार्य किया था। जब पिछले कुछ महीनों के रिकॉर्ड की जांच की गई, तो पता चला कि स्वास्थ्य विभाग के ये 208 कर्मचारी लगातार कार्यालय से नदारद रह रहे थे। इनमें से कई कर्मचारी या तो बिना बताए छुट्टी पर थे, या फिर उनका प्रतदिन लेट-मार्क हो रहा था। कुछ कर्मचारी तो ड्युटी के दौरान अपनी हाजिरी दर्ज करना ही भूल जाते थे। इसका सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा था। कर्मचारियों के समय पर उपस्थित न रहने के कारण मरीजों को परिशानियां हो रही थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार