सेवा संकल्प अभियान नहीं, ‘मेवा संकल्प अभियान’ – सपकाल
मुंबई, 13 सितंबर ङि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुंबई दौरे की कांग्रेस पार्टी ने आलोचना की है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि यह दौरा ‘सेवा संकल्प अभियान’ नहीं, बल्कि ‘मेवा संकल्प अभियान’ का आखिरी अंक खेलने के लिए है.
सपकाल ने कहा कि राज्य सूखे के गंभीर संकट से गुजर रहा है. किसान भारी संकट में है. ऐसी परिस्थिति में यदि अमित शाह वास्तव में महाराष्ट्र व किसानों की सेवा करना चाहते हैं, तो ‘मेवा’ लूटने की राजनीति में न पड़ते हुए किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी और प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपये का मुआवजा घोषित करें। तभी उनके दो दिवसीय दौरे का कोई अर्थ होगा। अन्यथा यह दौरा केवल राजनीतिक नाटक बनकर रह जाएगा। महाराष्ट्र की जमीनें उद्योगपतियों को किस तरह दी गईं, उससे कितना पैसा जुटाया गया. अभी और कौन-कौन सी जमीनें बेचनी हैं और इस पूरी प्रक्रिया में कितना भ्रष्टाचार हुआ, इसका हिसाब लेने के लिए क्या अमित शाह महाराष्ट्र आए हैं? उन्होंने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली है, लेकिन आर्थिक राजधानी मुंबई है. इस आर्थिक राजधानी में आकर महाराष्ट्र से बीजेपी को ज्यादा से ज्यादा ‘मेवा’ कैसे लूटा और खाया जा सके, इसकी साजिशें रचने के लिए ही शाह का दो दिवसीय दौरा दिखाई देता है.
सपकाल ने सवाल उठाए हैं कि नासिक कुंभ मेले के लिए किए गए हजारों करोड़ रुपये के खर्च का हिसाब भी महाराष्ट्र की जनता के सामने आना चाहिए। कुंभ मेले के नाम पर हुए हजारों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार की समीक्षा कर उस पैसे का बंटवारा कैसे करना है, क्या इसी का जायजा इस दौरे में लिया जा रहा है?
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

