home page

मुंबई हवाई अड्डे की काेई भी उड़ान नवी मुंबई हवाई अड्डे शिफ्ट नहीं की जायेगी: फडणवीस

 | 

मुंबई, 11 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कोई भी अंतरराष्ट्रीय उड़ान नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शिफ्ट नहीं की जायेगी। फडणवीस ने बुधवार काे स्पष्ट किया कि उन्हाेंने इस संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखा है कि मुंबई की काेई भी अंतरराष्ट्रीय उड़ान नवी मुंबई शिफ्ट नहीं की जाय। मुंबई एयरपोर्ट संचालक (एमआईएएल) और अदानी समूह की तरफ से साल 2027 के गर्मी शेड्यूल से बहरीन, दोहा, जकार्ता, जेद्दा, कुवैत, मस्कट, रियाद और शारजाह समेत 14 बड़े अंतरराष्ट्रीय शहरों की उड़ान को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की याेजना बनायी है। फडणवीस ने मुंबई हवाई अड्डे के चरण बद्ध तरीके से विकास के लिए प्रस्ताव दिया है कि सबसे पहले नए टर्मिनल-1 बी का निर्माण पूरा किया जाना चाहिए।

फिर टर्मिनल-1 ए से मौजूदा ऑपरेशन को नए 'टर्मिनल-1 बी' पर शिफ्ट किया जाना चाहिए।

इसके बाद पुराने 'टर्मिनल-1 ए' को गिराकर फिर से बनाया जाना चाहिए जिससे उड़ानों को मुंबई से बाहर न भेजना पड़े। उनका कहना है कि दोनों हवाई अड्डे (मुंबई और नवी मुंबई) अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार स्वतंत्र रूप से काम करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी