न हो 14 फीट से ऊंची झोपड़ियों पर कार्रवाई- नार्वेकर
मुंबई, 03 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर 14 फीट से ऊंचे झोपड़ो के खिलाफ कार्रवाई न करने की मांग की है।
नार्वेकर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इस मुद्दे पर ध्यान दिलाया है कि गरीब व आर्थिक रूप से कमजोर झोपड़ाधारकों के प्रति इंसानियत के नाते विचार किया जाना चाहिए। महाराष्ट्र सरकार की झुग्गी-झोपड़ी पुनर्वास अथॉरिटी के जरिए पुनर्वास के काम में तेजी लाई जा रही है। पुरानी और लंबे समय से मौजूद झुग्गियों में नागरिकों के रहने के बारे में इंसानियत के नजरिए से विचार करना जरूरी है।
बीएमसी 14 फीट से ऊंचे झोपड़ों को नोटिस जारी कर रहा है। इससे झोपड़ाधारकों में डर का माहौल है। नार्वेकर ने अनुरोध किया है कि पुनर्विकास प्रक्रिया में 14 फीट या उससे अधिक ऊंची झोपड़ियों के खिलाफ बेवजह तोड़-फोड़ या सजा देने वाली कार्रवाई न की जाए। उन्होंने मांग की है कि बीएमसी को सही निर्देश दिए जाएं ताकि वे पात्र झोपड़ी मालिकों के पुनर्वास पर विचार कर सकें। साथ ही भविष्य में बिना इजाजत कंस्ट्रक्शन को रोकने के लिए ज़रूरी कदम उठाए जाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले पर तुरंत ध्यान देने की अपील करते हुए कहा है कि यह गरीब और आम मुंबईकरों के रहने की जगह से जुड़ा बहुत ही संवेदनशील मुद्दा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

