नीलेश राणे की सदावर्ते को चुनौती, शिंदे मुख्यमंत्री बनें तो छोड़ दो संपत्ति
मुंबई, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनने को लेकर अब शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक नीलेश राणे और वकील गुणरत्न सदावर्ते में ठन गई है। नीलेश ने सदावर्ते को चुनौती दी है कि यदि शिंदे मुख्यमंत्री बन गए तो क्या वे अपनी पूरी संपत्ति छोड़ देंगे।
इससे पहले सदावर्ते ने दावा किया था कि शिंदे मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। सदावर्ते के इस दावे के बाद शिंदे गुट की ओर से उनकी कड़ी आलोचना की जा रही है। नीलेश राणे ने सदावर्ते को सीधी चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि सदावर्ते लिखकर दें कि एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे, अगर वे बन गए तो मैं अपनी सारी प्रॉपर्टी छोड़ दूंगा। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे साल 2022 में पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। उससे पहले भी लोग कहते थे कि एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। लेकिन ऐसा हुआ। क्या महाराष्ट्र भविष्यवाणी करके चलता है? आज हमारे पास सांसद, विधायक, सैकड़ों नगरसेवक हैं, ऐसे में यदि कोई नेता मुख्यमंत्री नहीं बनेगा तो कब बनेगा? महाराष्ट्र में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी हमारी शिवसेना है। अगर कोई कहता है कि शिंदे मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे तो लिखकर दें, यदि वे मुख्यमंत्री बन गए तो अपनी सारी प्रॉपर्टी छोड़ देंगे।
नीलेश ने कहा कि मेरी इच्छा है कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनें। उन्होंने एक सफल मुख्यमंत्री के तौर पर अपना कार्यकाल पूरा किया है। मैं उन्हें एक बार फिर मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहता हूं। देवेंद्र फडणवीस टॉप लेवल पर हैं। मैं एक शिवसैनिक के तौर पर कह रहा हूं। फडणवीस मेरे भी लीडर हैं, लेकिन एक शिवसैनिक के तौर पर मुझे लगता है कि शिंदे को फिर से मुख्यमंत्री बनना चाहिए।
इस दौरान नीलेश ने ठाकरे बुंधुओं पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने कहा था कि देवेंद्र फडणवीस को 2029 तक राज्य में रखना चाहिए। राज ठाकरे एक बड़े नेता हैं। उनकी बहुत बड़ी पार्टी है। उनके पास कई नगरसेवक, कई विधायक, कई सांसद हैं। दूसरे राज्यों में भी मनसे बहुत बड़ा संगठन है। इसलिए हमें सोचना होगा कि भविष्यवाणी करना है या नहीं। नीलेश ने कहा कि ठाकरे सेना के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन करने का फैसला किया है। चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन का आइडिया ठाकरे का नहीं है। यह अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका का है। उन्होंने वह आइडिया चुरा लिया। अब उनका काम कहां है? सभी खाली हाथ हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

